-चालक वाहन छोड़कर फरार
-संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के फुलबसिया स्थित चामातू के गोली टांड़ चेकपोस्ट पर शुक्रवार अहले सुबह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने वाहन जांच अभियान के दौरान कोयला लदे दो हाइवा वाहनों को जब्त किया। आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों वाहनों को पकड़ा गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान दोनों हाइवा के चालक मौके से फरार हो गए।घटना के बाद सीआईएसएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। बताया गया कि कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने मौके पर विरोध जताते हुए जब्त वाहनों को छुड़ाने का प्रयास किया। सीआईएसएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।इस दौरान गोली टांड़ चेकपोस्ट से गुजरने वाले अन्य वाहनों की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों का उद्देश्य बिना वैध दस्तावेज के कोयले के परिवहन पर रोक लगाना है। फिलहाल जब्त हाइवा में लदे कोयले की वैधता,परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही विरोध के दौरान किसी ने कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास किया था या नहीं,इसकी भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि जांच में कोयले का परिवहन अवैध पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं यदि किसी व्यक्ति द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने या कानून का उल्लंघन करने की पुष्टि होती है,तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।फिलहाल जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बालूमाथ के गोली टांड़ चेकपोस्ट पर CISF की कार्रवाई, कोयला लदे दो हाइवा जब्त
