Skip to main content

Birsa Times

28 घंटे बाद डैम से निकला बरुण का शव, परिजनों की चीख पुकार से गमगीन हुआ माहौल

28 घंटे बाद डैम से निकला बरुण का शव, परिजनों की चीख पुकार से गमगीन हुआ माहौल

संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ।
बालूमाथ प्रखंड के चेताग पंचायत अंतर्गत जोगियाडीह गांव स्थित डैम में डूबे मजदूर बरुण नायक 35 का शव 28 घंटे बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन की तीस सदस्यीय टीम ने शुक्रवार सुबह से लगातार अभियान चलाकर दोपहर करीब एक बजे शव को बाहर निकाला। शव मिलते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार जोगियाडीह गांव निवासी वरुण नायक गुरुवार सुबह करीब नौ बजे डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद अंचल अधिकारी बालेश्वर राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव और थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासन तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार देर शाम तक खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन के कमांडर श्रवण रवानी के नेतृत्व में तीस सदस्यीय टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने गहरे पानी से वरुण का शव बरामद किया। बताया गया कि शव पानी के भीतर गहराई में चला गया था,जिसके कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाई हुई।

अंचल अधिकारी को सौंपा गया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शव बरामद होने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने उसे अंचल अधिकारी बालेश्वर राम को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम के पास जुट गए। वरुण की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे पत्नी,दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं।

एनडीआरएफ और प्रशासन के प्रयासों की सराहना
रेस्क्यू अभियान में सहयोग के लिए झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू,पंचायत समिति सदस्य पिंटू नायक और स्थानीय ग्रामीणों ने एनडीआरएफ की टीम,जिला एवं प्रखंड प्रशासन,पुलिस तथा लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने कठिन परिस्थितियों में लगातार प्रयास कर शव बरामद किया। साथ ही ऐसी आपात स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए जिले में एनडीआरएफ की टीम स्थायी रूप से तैनात करने की मांग की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *