-मुंगेर के एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज,जांच में जुटी पुलिस
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
मुंगेर : एक्सिम इंडिया कृषि विकास लिमिटेड के नाम पर कथित रूप से रुपया दुगुना करने और पैसे मांगने पर मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी बिपिन रविदास की पत्नी पूनम देवी ने मुंगेर स्थित अनुसूचित जाति जनजाति थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है। आवेदन में पुनम देवी ने आरोप लगाया है कि मुकेश पंडित, पिता बागो पंडित तथा रंधीर पंडित उर्फ राजा बिहारी समेत अन्य लोगों ने एक्सिम इंडिया कृषि विकास लिमिटेड में रुपया दुगुना करने के नाम पर उनसे 25 हजार रुपये की मांग की थी। आरोपियों ने स्वयं को कंपनी का अधिकारी बताते हुए कथित रूप से फर्जी पावती रसीद भी दी। निर्धारित समय पूरा होने के बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपी आनाकानी करते रहे। पूनम देवी ने आवेदन में बताया कि 11 जुलाई 2026 की सुबह करीब सात बजे मुकेश पंडित के घर पर कई लोग पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौच व मारपीट की। इस दौरान कपड़े फाड़ने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत हवेली खड़गपुर थाना में की लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं होने और समझौते की बात चलने के दौरान भी रुपये की मांग और गाली-गलौच किए जाने का आरोप लगाया गया। आवेदन के आधार पर अनुसूचित जाति, जनजाति थाना, मुंगेर में कांड संख्या 26/26, दिनांक 07 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक्सिम इंडिया कृषि विकास लिमिटेड के कथित अधिकारी पर रुपया दुगुना करने के नाम पर ठगी और मारपीट का आरोप
