-अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो आदिवासी एक्सप्रेस
-अंचल अधिकारी को आवेदन देने की तैयारी में ग्रामीण
बरहरवा प्रखंड की पलाश बोना पंचायत अंतर्गत पलाश बोना गांव के ग्वालपाड़ा में सरकारी नाले को मौरंग मिट्टी डालकर भरने और उस पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीण अब इस मामले को लेकर अंचल अधिकारी, बरहरवा को लिखित आवेदन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही सरकारी नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पलाश बोना मौजा में गांव के पूर्वी छोर से रेलवे सड़क तक एक सरकारी नाला स्थित है। इस नाले के माध्यम से आसपास के किसान अपनी खेती-बाड़ी के लिए सिंचाई करते हैं। इसके अलावा ग्रामीण और पशु भी नाले के पानी पर निर्भर हैं। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा निजी लाभ के उद्देश्य से नाले में मौरंग मिट्टी डालकर उसे भरा जा रहा है और सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाले को भरने का काम नहीं रोका गया, तो आने वाले दिनों में किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इससे ग्रामीणों और पशुओं के समक्ष भी पानी की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों ने मामले को गंभीर बताते हुए अंचल अधिकारी से इसकी जांच कराने, सरकारी नाले की मापी कराकर उसे अतिक्रमण मुक्त करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की प्रस्तावित शिकायत पर अंचल प्रशासन कब संज्ञान लेता है और सरकारी नाले को अतिक्रमण से बचाने के लिए क्या कदम उठाता है।
