Skip to main content

Birsa Times

धनवार यूको बैंक में 5 करोड़ के सोने और 11.50 लाख की डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

धनवार यूको बैंक में 5 करोड़ के सोने और 11.50 लाख की डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार


गिरिडीह।
गिरिडीह जिले के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक लोडेड पिस्टल, एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा डकैती में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने 9 नवंबर 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में घुसकर लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। इस मामले में धनवार थाना कांड संख्या 288/2026 दर्ज किया गया था।

एसपी ने बनाई थीं पांच एसआईटी टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, सरिया-बगोदर, खोरीमहुआ और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय के नेतृत्व में पांच विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया था।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मोटरसाइकिल से फरार हो रहे थे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण अपराधियों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

जंगल में घेराबंदी कर रिजवान गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

रिजवान से पूछताछ में पुलिस को अन्य आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर छापेमारी अभियान तेज किया गया। पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से सुल्तान अली उर्फ रॉकी को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, आयुष पांडेय को चार जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र से डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में देवघर और गिरिडीह के अपराधी शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  1. मो. रिजवान (देवघर): पिता हयात अली, निवासी सतसंग सुरा तिलौना, थाना नगर, जिला देवघर।
  2. सुल्तान अली उर्फ रॉकी (गिरिडीह): पिता मो. सब्बीर हुसैन, निवासी चपुआडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह।
  3. आयुष पांडेय (देवघर): पिता स्व. जयकांत पांडेय, निवासी गुल्ली पत्थर, पोस्ट सतसंग, थाना नगर, जिला देवघर।

हथियार, कार और दो बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से और उनकी निशानदेही पर निम्नलिखित सामान जब्त किए हैं:

  • एक लोडेड पिस्टल, जिस पर मेड इन यूएसए लिखा है।
  • एक देसी कट्टा।
  • सात जिंदा कारतूस।
  • घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो (JH 11AB-6214)।
  • सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (JH 11OBS 9796)।
  • ग्रे रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (JH 02BE 6937)।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. रिजवान के खिलाफ मधुपुर थाना में वर्ष 2024 में कांड संख्या 265/2024 दर्ज है। वहीं, सुल्तान अली उर्फ रॉकी के खिलाफ मधुपुर थाना में कांड संख्या 157/2025 दर्ज है। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।

लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने बताया कि यूको बैंक से लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी अभी बाकी है। इसके साथ ही वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दिशा में कार्रवाई तेज करने के लिए तीन अतिरिक्त विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस पूरे अभियान में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, धनंजय राम, अमरेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक आरके राणा, पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, ज्ञान रंजन, बबन कुमार, रोहित कुमार महतो समेत गठित एसआईटी के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *