आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो | साहिबगंज। साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश को लेकर 45 वर्षीय मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार अहले सुबह पोखरिया स्थित बड़ी काली मंदिर के पास चंदन गिफ्ट हाउस के समीप हुई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुत्र के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र अंशु कुमार साह, निवासी पोखरिया के लिखित आवेदन पर जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 222/26, दिनांक 9 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने छापेमारी शुरू की। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने प्रेस ब्रीफिंग में दी जानकारी
जिरवाबाड़ी थाना में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोखरिया निवासी अमित कुमार उर्फ पवन कुमार (44 वर्ष), पिता हीरालाल साह और रूपक कुमार पासवान (43 वर्ष), पिता मनीलाल पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में नगर थाना साहिबगंज के पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, संजय कुमार दुबे, फुलेश्वर कुमार अकेला, बमबम यादव, हेमंत यादव समेत जिरवाबाड़ी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
दीपावली जैसे पर्व के दौरान हुई इस हत्या की घटना से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
