बांका कटोरिया संवाददाता श्रीकान्त यादव की रिपोर्ट
बांका। कटोरिया प्रखंड की आरपत्थर-चिरैयामोड़ मुख्य सड़क इन दिनों बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बताया जाता है कि करीब पांच वर्ष पूर्व संवेदक अनिल कुमार सिंह द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था। पांच वर्ष तक रख-रखाव अवधि रहने के कारण सड़क चलने लायक बनी रही, लेकिन रख-रखाव अवधि समाप्त होने के बाद पहली बारिश में ही सड़क जगह-जगह से टूट गई। वाहनों के दबाव और बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गहरे गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से छोटे वाहन चालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वे गिरकर घायल हो रहे हैं।
सड़क पर जलजमाव के कारण कीचड़ ही कीचड़ हो गया है, जिससे मुख्य सड़क के आसपास बसे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क के प्रथम छोर आरपत्थर से लेकर बुड़ीघाट, पड़रियामोड़, मालबथान, पलनियां होते हुए अंतिम छोर चिरैयामोड़ तक जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे ग्रामीण और राहगीर काफी परेशान हैं।
इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता मनोज शंकर प्रसाद ने बताया कि छह माह पूर्व ही सड़क आउट ऑफ मेंटेनेंस हो चुकी है। सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव विभाग को भेज दिया गया है। विभाग से राशि उपलब्ध होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
