संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ वन क्षेत्र के बसिया गांव में रविवार देर रात हाथियों के झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हाथियों के झुंड को गांव के आसपास देख ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी। वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता बरतते हुए हाथियों के झुंड को गांव की आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ दिया। समय रहते टीम के पहुंचने से गांव में हाथियों के संभावित उत्पात और नुकसान की स्थिति टल गई।ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर नहीं पहुंचती,तो हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर फसलों और घरों को नुकसान पहुंचा सकता था।साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा उत्पन्न हो सकता था। हाथियों के गांव से दूर चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियां बढ़ी हैं,जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा हाथियों के गांव की ओर आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। मौके पर वन विभाग की टीम के साथ बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस बल के साथ उपस्थित थे।
