संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ थाना पुलिस ने बिजली तार चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लातेहार मंडल कारा भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव निवासी सरवर मियां 23 के रूप में हुई है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह एवं थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने संयुक्त रूप से बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पाल्ही गांव में एक व्यक्ति बिजली के तार को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहा है। सूचना के अनुसार आरोपी कटर की मदद से बिजली तार काट रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने पाल्ही गांव में छापेमारी कर मौके से सरवर मियां को चोरी किए गए बिजली तार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तार काटने में प्रयुक्त कटर भी बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया है। छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार,रवि कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
बिजली तार चोरी करते एक युवक गिरफ्तार
