Skip to main content

Birsa Times

10 वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर वार्ड-6 के ग्रामीण, कीचड़ और दलदल में तब्दील सड़क से आवागमन ठप

10 वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर वार्ड-6 के ग्रामीण, कीचड़ और दलदल में तब्दील सड़क से आवागमन ठप

-मुरूमातू के लोगों को कब मिलेगी राहत? कीचड़,दलदल और नाली के गंदे पानी से बढ़ी परेशानी
आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पांडू,पलामू।
प्रखंड अंतर्गत कजरू कला पंचायत के मुरूमातू गांव के वार्ड संख्या-6 के ग्रामीण पिछले लगभग 10 वर्षों से बदहाल सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे हैं।गांव की सड़क,गली और नालियां कीचड़,दलदल तथा गंदगी से पूरी तरह भर चुकी हैं।नाली का गंदा पानी पीसीसी सड़क पर बहने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है,जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर पीसीसी निर्माण तो हुआ था,लेकिन वर्षों से उचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ और दलदल की मोटी परत जम गई है।इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो गया है।पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है और आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं।स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने,मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से सड़क और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।इस संबंध में पंचायत के उपमुखिया राकेश कुमार पाल ने बताया कि पंचायत में पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण सड़क और नाली का निर्माण कार्य नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि जैसे ही आवश्यक राशि उपलब्ध होगी,प्राथमिकता के आधार पर वार्ड संख्या-6 की समस्या का समाधान कराया जाएगा।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि वार्ड संख्या-6 की जर्जर सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त कराया जाए, ताकि वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद आज भी उनका वार्ड मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *