आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
इटखोरी (चतरा): इटखोरी प्रखंड के करनी देवी मंडप के समीप रहने वाले शिक्षक देवानंद प्रसाद ने बुधवार तड़के करीब 3 बजे अद्भुत साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद चोरों का डटकर सामना किया। बताया जाता है कि चार से पांच की संख्या में आए चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। आहट मिलने पर देवानंद प्रसाद की नींद खुल गई। बाहर निकलकर उन्होंने देखा कि चोर घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों के पास रिवॉल्वर था, जबकि देवानंद प्रसाद के पास अपनी सुरक्षा के लिए कोई हथियार नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए चोरों का सामना किया।अचानक हुए विरोध से चोर घबरा गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना वहां से भाग निकले। इस दौरान चोरों के साथ हुई भिड़ंत में देवानंद प्रसाद को चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने घर का सामान सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने देवानंद प्रसाद के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और सूझबूझ के कारण एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
शिक्षक देवानंद प्रसाद ने दिखाई बहादुरी, हथियारबंद चोरों से भिड़कर बचाया घर का सामान
