-तीन लाख रुपये लौटाने का स्टाम्प पेपर पर था लिखित आश्वासन
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर : जिलें के धरहरा थाना क्षेत्र में समाजसेवा के लिए पहचान रखने वाले एक समाजसेवी को उधार दिए गए रुपये वापस मांगना महंगा पड़ गया हैं। औड़ाबगीचा निवासी समाजसेवी डॉ. विक्रांत कुमार सिंह ने धरहरा थाना में लिखित आवेदन देकर मोहनपुर गांव के दो लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। डॉ. विक्रांत कुमार सिंह ने अपने आवेदन में बताया है कि उन्होंने 21 जनवरी 2026 को मोहनपुर निवासी सौरव कुमार सिंह को समाजसेवा दिखाते हुए विश्वास पर तीन लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि उस समय सौरव कुमार सिंह ने स्टाम्प पेपर पर लिखित रूप से यह स्वीकार किया था कि वह छह माह के भीतर, अर्थात 31 जुलाई 2026 तक, प्रत्येक माह 50-50 हजार रुपये की किस्त के रूप में पूरी राशि वापस कर देंगे। लेकिन तय अवधि समाप्त होने के बावजूद एक भी किस्त का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बीते छह माह के दौरान वह लगातार 15 से 20 दिनों के अंतराल पर बकाया राशि लौटाने का आग्रह करते रहे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। जब 31 जुलाई तक भी रुपये वापस नहीं मिले, तब शनिवार को वह स्वयं अपना बकाया पैसा मांगने सौरव कुमार सिंह के घर पहुंचे। जहां सौरव कुमार सिंह एवं उनके भाई गोरे सिंह आग-बबूला हो गए और दोनों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद दोनों ने उन्हें भविष्य में रुपये मांगने पर जान से मार देने की धमकी भी दी। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और डॉ. विक्रांत वहां से अपनी जान बचाकर निकल सके। उन्होंने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपितों से उन्हें और उनके परिवार को भविष्य में भी खतरा हो सकता है। इसलिए उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है। इधर, इस संबंध में धरहरा थाना पुलिस ने बताया कि डॉ. विक्रांत कुमार सिंह का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धरहरा के डॉ. विक्रांत को उधार का रुपया वापस मांगना पङा महंगा, जान से मारने की मिली धमकी, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
