आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। जिला के पांडू प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम ओरडीहा में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया,जब 440 वोल्ट बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक घर में अचानक आग लग गई।यह घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी योगेन्द्र चंद्रवंशी (पिता- नन्हू चंद्रवंशी) के घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी।आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि,ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पास के दो-तीन मोटर चालू कर पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता,तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है,लेकिन घर में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।बताया जा रहा है कि पीड़ित योगेन्द्र चंद्रवंशी अत्यंत गरीब परिवार से आते हैं।आगजनी में उनके घर का खाने-पीने का सामान सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी नष्ट हो गई हैं, जिससे परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।उन्होंने कम से कम भोजन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को राहत मिल सके।ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द मदद पहुंचाने की अपील की है।
