आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। जिले के पाण्डु प्रखंड को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पाण्डु प्रखंड को “स्वस्थ एवं स्वच्छ” श्रेणी में 15 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम रांची के खेलगांव स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ।राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने प्रखंड प्रमुख नीतू सिंह और बीडीओ रणवीर कुमार को 15 लाख रुपये का चेक सौंपा।इस अवसर पर पाण्डु पंचायत को भी “श्रेष्ठ ग्राम सभा” श्रेणी में 4 लाख रुपये का पुरस्कार मिला,जिसे मुखिया प्रियंका कुमारी एवं पंचायत सचिव विवेक पाल ने ग्रहण किया।पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रमुख नीतू सिंह ने मुख्यमंत्री एवं मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान पाण्डु प्रखंड के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए क्षेत्र को और आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि इस उपलब्धि में पाण्डु पंचायत की मुखिया प्रियंका कुमारी के उत्कृष्ट कार्यों की अहम भूमिका रही है,जिससे प्रखंड की रेटिंग मजबूत हुई।कार्यक्रम के दौरान राज्य के 4 जिला परिषद को 20-20 लाख, 10 प्रखंडों को 15-15 लाख, 48 पंचायतों को 10-10 लाख तथा 46 पंचायतों को 4-4 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।समारोह में मंत्री इरफान अंसारी,शिल्पी नेहा तिर्की,विधायक ममता देवी,सुरेश बैठा,राजेश कच्छप सहित कई जनप्रतिनिधि,अधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे।
