Birsa Times

पलामू में लेवी कनेक्शन का खुलासा, हाइवा जलाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

पलामू में लेवी कनेक्शन का खुलासा, हाइवा जलाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता

छतरपुर,पलामू। जिले में लेवी वसूली और अपराध पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला छतरपुर थाना क्षेत्र के चराई इलाके का है, जहां माइनिंग कार्य में लगे दो हाइवा वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस घटना के पीछे लेवी वसूली का मकसद बताया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिलदेव सिंह उर्फ कपिल सिंह उर्फ विशाल कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बरडीहा गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे उसके गांव से गिरफ्तार किया।

10 अपराधियों ने रोका था हाइवा

छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 27 मई 2025 की रात की है। करीब 10 अज्ञात अपराधियों ने चराई क्षेत्र में खनन कार्य में लगे दो हाइवा वाहनों को जबरन रोक लिया था। अपराधियों ने चालकों के साथ मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर दोनों वाहनों में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि दोनों हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो गए थे।

पीड़ित के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के बाद पीड़ित रामू कुमार गुप्ता के बयान पर छतरपुर थाना में लगभग 10 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें कपिलदेव सिंह की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कपिलदेव सिंह की गिरफ्तारी को पुलिस अपराधी गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।

कई मामलों में पहले से नामजद है आरोपी

एसडीपीओ प्रशांत कुमार के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह विश्रामपुर और छतरपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज कई मामलों में नामजद है और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार था।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इस छापेमारी अभियान को अंजाम दिया। टीम में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अनिल कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, मिथिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लेवी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *