आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
-गांडे पहाड़ नवगाछी की घटना, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई वारदात
-वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी बरामद
बोरियो (साहेबगंज):साहेबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडे पहाड़ नवगाछी में कुल्हाड़ी से मारकर 39 वर्षीय गुया पहाड़िया की हत्या कर दी गई। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बोरियो पुलिस ने मुख्य आरोपी कतरू पहाड़िया उर्फ चकरो पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस कार्यालय साहेबगंज द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मृतका की पत्नी चांदी पहाड़िन (32 वर्ष) के फर्द बयान के आधार पर बोरियो थाने में कांड संख्या 68/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गांव के ही कतरू पहाड़िया उर्फ चकरो पहाड़िया (30 वर्ष), पिता- जंगुलु पहाड़िया ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसके पति गुया पहाड़िया की जान ले ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साहेबगंज के निर्देशानुसार कांड के शीघ्र उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक के मार्गदर्शन तथा पुलिस निरीक्षक (बोरियो प्रभाग) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम दुर्गा टोला में छापेमारी कर आरोपी कतरू पहाड़िया को धर दबोचा।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी और घटनास्थल से खून लगी मिट्टी जब्त की है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल:
कार्रवाई करने वाली टीम में बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक नुनूदेव राय, बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार, पु०अ०नि० सिद्धार्थ शंकर टोप्पो, अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० दूधनाथ सिंह, स०अ०नि० देवनारायण साहू, स०अ०नि० बिराम मार्डी और बोरियो थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
बोरियो में युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को हथियार समेत किया गिरफ्तार
