आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
साहिबगंज। राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा स्थित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर कक्षा 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़, अश्लील बातें करने और जातिसूचक गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा की मां सोनिका देवी ने मामले को लेकर साहेबगंज के SC/ST थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा आयोजित की गई थी। छात्रा सुबह करीब 7:30 बजे घर से स्कूल गई थी और लगभग 9:30 बजे वापस लौटी। घर लौटने के बाद छात्रा के व्यवहार में बदलाव देखकर उसकी मां ने उससे पूछताछ की। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद छात्रा रोते हुए विद्यालय में हुई कथित घटना की जानकारी दी।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय पहुंचने के बाद प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार चौरसिया ने छात्रा को कार्यालय का गेट खोलने के लिए चाबी दी। बाद में टेस्ट के दौरान उसे दूसरे कमरे में जाने के लिए कहा गया। शिकायत में छात्रा के हवाले से आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक ने उसे अकेले में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहीं और अनुचित तरीके से स्पर्श किया। छात्रा के विरोध करने पर वह वहां से निकलकर अन्य विद्यार्थियों के पास चली गई।शिकायत में यह भी कहा गया है कि 20 सितंबर को विद्यालय में दोबारा अतिरिक्त कक्षा थी, लेकिन परिजनों ने छात्रा को स्कूल नहीं भेजा। इसी दिन प्रधानाध्यापक के छात्रा के घर पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रधानाध्यापक ने छात्रा के छोटे भाई से बातचीत की और उसे एक कागज भी दिया।सोनिका देवी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि 23 सितंबर को विद्यालय में इस मामले को लेकर बातचीत हुई, जिसमें प्रधानाध्यापक द्वारा कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि एक अन्य छात्रा ने सामने आकर प्रधानाध्यापक पर उसके साथ भी इसी तरह का व्यवहार करने का आरोप लगाया।शिकायत में पूर्व में भी छात्रा को कार्यालय में अकेले बुलाकर कथित तौर पर अश्लील बातें करने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।पीड़ित छात्रा की मां ने SC/ST थाना प्रभारी से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं आरोपी प्रधानाध्यापक का पक्ष रखने के लिए उसे दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया तो उसका फोन ऑफ बताया
