-संतोष कुमार दास
चतरा। हंटरगंज थाना क्षेत्र के डाहा पंचायत अंतर्गत बिहिया सरहचिया गांव में बुधवार को बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला की पहचान गांव निवासी मदन यादव की 28 वर्षीय पत्नी सोनम देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सोनम देवी चापानल पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान चापानल में लगे मोटर के बिजली तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महिला को करंट से झुलसता देख परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए डंडे की मदद से उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में सोनम देवी को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, फिलहाल महिला की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
