Skip to main content

Birsa Times

दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के संयोग में मनेगा छठ महापर्व, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के संयोग में मनेगा छठ महापर्व, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

रांची। लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ इस वर्ष दुर्लभ ग्रह-नक्षत्रों के शुभ संयोग में मनाया जाएगा। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस वर्ष महापर्व के तीसरे दिन रविवार और षष्ठी तिथि का विशेष संयोग बनने की बात कही जा रही है। रविवार भगवान सूर्य की आराधना के लिए समर्पित है। ऐसे में इस संयोग को धार्मिक दृष्टिकोण से विशेष शुभ और मंगलकारी माना जा रहा है।

आचार्य मनोज कुमार पाण्डेय के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान व्रती संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखेंगे। इस दौरान अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि छठ महापर्व में षष्ठी तिथि और रविवार का संयोग सूर्योपासना के महत्व को और बढ़ा देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत करने से बल, आरोग्य, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए इस व्रत से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। संतान की कामना करने वाली महिलाओं के लिए भी यह व्रत विशेष फलदायी माना गया है।

चार दिनों तक ऐसे होंगे छठ के अनुष्ठान

13 नवंबर : नहाय-खाय से होगी महापर्व की शुरुआत

छठ महापर्व के पहले दिन व्रती पवित्र स्नान कर पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत का संकल्प लिया जाएगा।

14 नवंबर : खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

महापर्व के दूसरे दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। शाम को भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। धार्मिक विधान के अनुसार, खरना का प्रसाद रात 9:01 बजे से पहले ग्रहण करने की बात बताई गई है।

15 नवंबर : अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा संध्या अर्घ्य

महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 5:02 बजे निर्धारित बताया गया है। इस दौरान छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना की जाएगी।

16 नवंबर : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण

महापर्व के अंतिम दिन सुबह 6:04 बजे सूर्योदय के समय उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भगवान सूर्य और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाएगी। प्रसाद वितरण के बाद व्रती पारण करेंगे। इसी के साथ 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का समापन होगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *