-साथी पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में पहुंचाया सीएचसी
-प्राथमिक उपचार के बाद गया रेफर
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना परिसर में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात चौकीदार अरुण कुमार पासवान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना करीब दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है।चौकीदार के अचानक गिरने के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य कर्मी तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए और चौकीदार के स्वास्थ्य की लगातार जानकारी लेते रहे। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।चौकीदार के बेहोश होने के पीछे तत्काल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ड्यूटी के दौरान थाना परिसर में बेहोश होकर गिरे चौकीदार
