आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का भी आरोप,बारिश के बीच अनहोनी का डर
-जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार ने की आवास की मांग
-आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने हंटरगंज प्रखंड के करमा पंचायत के गोबरडीह गांव निवासी मुनि देवी के परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के दौरान उनका घर गिर गया। घर गिरने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल परिवार के सदस्य एक जर्जर कमरे में रहने को मजबूर हैं। मुनि देवी, पति दयानंद कुमार यादव ने बताया कि लगातार बारिश के कारण घर में पानी भर गया था। इसी दौरान मकान अचानक गिर गया। मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई।गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।घर गिरने के बाद परिवार के पास सुरक्षित रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। बारिश के इस मौसम में जर्जर कमरे में बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहना मुश्किल हो गया है। परिवार को हर समय किसी अनहोनी का डर सता रहा है। पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी जोरी थाना को दी गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपने स्तर से मकान की मरम्मत या नया घर बनाना संभव नहीं है। पीड़िता ने बताया कि आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक आवास का लाभ नहीं मिल सका। उनका कहना है कि यदि समय रहते सरकारी आवास मिल जाता, तो आज परिवार को इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।पीड़िता ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर स्थल निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार आपदा राहत और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।अब पीड़ित परिवार को प्रशासन की पहल और मदद का इंतजार है।
मूसलाधार बारिश ने छीना गरीब का आशियाना, जर्जर कमरे में कट रही जिंदगी
