रांची। झारखंड की राजधानी रांची के ग्रामीण इलाके से नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। चान्हो थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर दो युवकों ने दुष्कर्म किया, जबकि उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
ट्यूशन के बाद घूमने निकली थी छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय छात्रा रविवार को ट्यूशन पढ़ने के बाद अपनी सहेली और उसके भाई के साथ घूमने निकली थी। उनके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि दो युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वहीं, उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की गई।
घटना के बाद पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर चान्हो थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि छात्रा अपनी सहेली और उसके भाई के साथ ट्यूशन के बाद घूमने गई थी। इसी दौरान छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की घटना हुई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
