Skip to main content

Birsa Times

ट्रेन में 16.41 लाख की चोरी का पर्दाफाश, RPF ने चोर और सर्राफा कारोबारी को दबोचा

ट्रेन में 16.41 लाख की चोरी का पर्दाफाश, RPF ने चोर और सर्राफा कारोबारी को दबोचा

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
बड़हरवा/राजमहल।
15 सितंबर को ट्रेन संख्या 12378 डाउन पदातिक एक्सप्रेस के S-1 कोच में हुई ‘हाई-वैल्यू’ चोरी (SOR TOPB) मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल पर्दाफाश किया है। आरपीएफ ने घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोर और चोरी का सोना खरीदने वाले राजमहल के एक सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से ₹16.41 लाख मूल्य के सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण और ₹1.41 लाख नकद बरामद किए गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरपीएफ को सफलता
मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर को रेल मदद शिकायत संख्या 2026091500737 पर यात्री के सामान चोरी होने की सूचना दर्ज हुई थी। सक्षम प्राधिकारी के निर्देश पर CIB बर्दवान, आरपीएफ पाकुड़ और आरपीएफ बड़हरवा की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान कोटालपोखर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति S-1 कोच में ‘ऑफ-साइड’ से चढ़ता दिखाई दिया। उसकी पहचान बड़हरवा के चांदीपुर रोड निवासी जियाउल शेख उर्फ छपरा (30 वर्ष) के रूप में हुई।

खेत की ओर भागते चोर को टीम ने दबोचा
विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने राजमहल थाना क्षेत्र के नागेश्वर बाग स्थित जियाउल के ससुर कुर्बान शेख के घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी मकान से निकलकर धान के खेत की ओर भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में चोरी की बात स्वीकार की।

क्या-क्या हुआ बरामद?
आरोपी की निशानदेही पर उसके ससुर के घर से गुलाबी रंग के बैग में रखे कई सोने-चांदी के आभूषण (चूड़ा, बाला, हार, अंगूठी, भगवान का मुकुट, बाजूबंद, कच्चे सोने के टुकड़े, चांदी के सिक्के) और ₹1,41,000 नकद बरामद किए गए।

चोरी का सोना खरीदने वाला सर्राफा कारोबारी भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की दो सोने की चेन और दो बालियां ₹1,41,500 में राजमहल के नयाबाजार निवासी ज्वेलर्स प्रदीप कुमार साहा (51 वर्ष) को बेची थीं। इसके बाद आरपीएफ टीम ने राजमहल स्थित ‘लालू मार्केट’ की सर्राफा दुकान पर छापेमारी कर बेचे गए आभूषण बरामद किए और दुकानदार प्रदीप कुमार साहा को गिरफ्तार कर लिया।


दो अन्य खरीददारों के घरों पर भी छापेमारी
आरपीएफ की जांच में दो अन्य व्यक्तियों—मजबूर शेख (निवासी गिट्टी कॉलोनी, बरहरवा) और जैनुल शेख (निवासी मुगल पाड़ा, बरहरवा)—को भी चोरी की अंगूठी और मोबाइल बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर छापेमारी की, हालांकि आरोपी फिलहाल फरार हैं।

जीआरपी बड़हरवा को सौंपे गए आरोपी
आरपीएफ ने पूरी जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया BNSS के नियमों के तहत स्वतंत्र गवाहों और वीडियोग्राफी की मौजूदगी में पूरी की। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों जियाउल शेख एवं प्रदीप कुमार साहा को जब्त संपत्ति और कानूनी दस्तावेजों के साथ जीआरपी बड़हरवा को सौंप दिया गया है, जहां जीआरपी केस संख्या 48/2026 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सफल ऑपरेशन में CIB बर्दवान के उपनिरीक्षक नवीन कुमार सिंह व एएसआई प्रकाश नारायण; आरपीएफ पाकुड़ के इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिंह, एएसआई गौतम कुमार साह व आरक्षी सुदीप्तो मंडल; आरपीएफ बड़हरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, उपनिरीक्षक लाल बहादुर मांझी व आरक्षी अनिल कुमार साह तथा राजमहल थाना पुलिस का विशेष टीम शामिल रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *