-बनहती स्कूल में ढलाई टूटकर गिर रही, बारिश में बढ़ी चिंता
-मरम्मत के लिए अधिकारियों को सौंपा जाएगा आवेदन
बेंगाबाद। मोतीलेदा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बनहती की जर्जर छत बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का कारण बन गई है। स्कूल भवन की छत की ढलाई जगह-जगह टूटकर गिर रही है। बारिश के मौसम में छत की स्थिति और खराब होने से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक बलदेव प्रसाद ने स्कूल की जर्जर छत की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि छत की ढलाई लगातार टूटकर गिर रही है। विद्यालय में प्रतिदिन बच्चे पढ़ने आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि छत की मरम्मत के लिए आवेदन तैयार कर लिया गया है। एक-दो दिनों के अंदर संबंधित उच्चस्तरीय पदाधिकारियों को आवेदन सौंपकर अविलंब मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की जाएगी। हादसे से पहले मरम्मत की मांग, ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर छत की समस्या को नजरअंदाज करना बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा। किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय विभाग को तत्काल स्थल का निरीक्षण कर मरम्मत करानी चाहिए। अब ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन की नजर विभागीय कार्रवाई पर है।
बेंगाबाद के स्कूल की जर्जर छत बनी बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा, मरम्मत की मांग
