Skip to main content

Birsa Times

तपोवन गोलीकांड का खुलासा, देसी पिस्टल के साथ 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

तपोवन गोलीकांड का खुलासा, देसी पिस्टल के साथ 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा

देवघर: तपोवन गोलीकांड मामले में कुण्डा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 वर्षीय सुधांशु कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे कुण्डा थाना क्षेत्र के तपोवन पहाड़ स्थित मधवा अहड़ा तालाब के पास फायरिंग की घटना हुई थी। इस दौरान तपोवन जमुआ निवासी उमेश यादव को गोली लग गई थी। घायल उमेश यादव का इलाज सदर अस्पताल देवघर में कराया गया। घटना के बाद उनके फर्दबयान के आधार पर कुण्डा थाना में मामला दर्ज किया गया था।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तथा वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।

इसी क्रम में 28 सितंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर ढाकोडीह के पास फोरलेन सड़क किनारे छापेमारी कर सुधांशु कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी के पास से गोलीकांड में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

पुलिस ने हथियार और मोबाइल किया बरामद
गिरफ्तार आरोपी सुधांशु कुमार की उम्र 18 वर्ष बताई गई है। उसका स्थायी पता बावनबीघा, थाना मधुपुर, देवघर है, जबकि वर्तमान में वह तपोवन जमुआ क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और फायरिंग के कारणों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर कुलदीप कुमार, कुण्डा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *