बांका कटोरिया संवाददाता: श्रीकान्त यादव
बांका: कटोरिया प्रखंड के जमदाहा ओपी अंतर्गत जमदाहा मोड़ स्थित के.आर. मिशन स्कूल से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल के एक शिक्षक पर छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार जयपुर थाना क्षेत्र के भोड़ीसिमर गांव निवासी गुड़िया कुमारी, पति मंटू यादव ने जमदाहा ओपी में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि उनका पुत्र राजेश कुमार जमदाहा मोड़ स्थित के.आर. मिशन स्कूल में पढ़ता है।
आरोप है कि स्कूल के शिक्षक पीयूष सर ने उनके बच्चे राजेश कुमार की बांस की छड़ी से बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई इतनी जोरदार थी कि बच्चे के हाथ, पीठ और पूरे शरीर पर जख्म के निशान पड़ गए और सूजन आ गई।
पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि जब वह अपने भाई के साथ इस घटना की शिकायत लेकर स्कूल गईं, तो स्कूल के प्रिंसिपल ने समझाने के बजाय उन्हें धमकाया और उल्टा उन्हीं पर केस करने की धमकी दे दी।
इस मामले को लेकर पीड़िता ने जमदाहा ओपी थानाध्यक्ष से दोषी शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं इस मामले को लेकर जमदाहा पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
