आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने लेंजवा पंचायत के लेंजवा गांव निवासी रणधीर ठाकुर के परिवार पर मुसीबत का पहाड़ खड़ा कर दिया। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण उनका मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घर गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।बताया जाता है कि रणधीर ठाकुर, पिता स्वर्गीय शिवनंदन ठाकुर, ग्राम लेंजवा, पोस्ट औरु गेरूआ, थाना हंटरगंज के निवासी हैं। बीती रात तेज बारिश के दौरान उनका मिट्टी का घर अचानक धराशायी हो गया। घर गिरने से परिवार का आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्यों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका मिल गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए क्षतिग्रस्त मकान का स्थलीय निरीक्षण कराने, उचित मुआवजा देने और आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए ऐसी घटनाएं बड़ी चिंता का विषय हैं।अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लेकर कितनी जल्द राहत पहुंचाता है।
मूसलाधार बारिश में भरभराकर गिरा मिट्टी का घर, पीड़ित ने की मुआवजे की मांग
