आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता-
केरेडारी- (बड़कागांव) पकड़ी बरवाडीह कोल माइंस में त्रिवेणी सैनिक कंपनी में कार्यरत सुपरवाइजर विभूति साहू की खदान में हुए हादसे में मौत हो जाने से। इस घटना पर राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन (NML) ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए एनटीपीसी एवं त्रिवेणी सैनिक प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन के जोनल सचिव मोहम्मद जहूर ने आरोप लगाया है कि एनटीपीसी के अधिकारियों एवं त्रिवेणी सैनिक प्रबंधन की कथित लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मोहम्मद जहूर ने मांग की गई है कि एनटीपीसी एवं त्रिवेणी सैनिक के दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करनी चाहिए तथा उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो। उन्होंने मृतक विभूति साहू के परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा देने तथा उनके एक आश्रित को प्रबंधन की ओर से अविलंब नौकरी उपलब्ध कराने की मांग भी की। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई नहीं करता है, तो राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी एनटीपीसी एवं त्रिवेणी सैनिक प्रबंधन की होगी। उन्होंने बताया कि यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही डीजीएमएस के रांची एवं धनबाद कार्यालय में प्रबंधन के खिलाफ जांच की मांग को लेकर पत्र सौंपेगा। अंत में राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन ने दिवंगत विभूति साहू के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कोल माइंस में विभूति साहू की मौत पर ने एनटीपीसी एवं त्रिवेणी से दो करोड़ मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
