-झारखंड से खगड़िया ले जाया जा रहा था शराब का खेप
-गुप्त सूचना पर पुलिस ने तेलिया तालाब के पास लगाया वाहन चेकिंग
-स्कॉर्पियो से बरामद हुआ 250 लीटर विदेशी शराब
रंजीत कुमार विद्यार्थी
मुंगेर: शुक्रवार की देर रात नयारामनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा ने तेलिया तालाब के समीप से विदेशी शराब से भरी स्कॉर्पियो सहित दो शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। शराब तस्कर झारखंड से शराब को लेकर खगङिया ले जा रहे थे। पुलिस कप्तान सैयद इमरान मसूद ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जिसका खुलासा जांचों जल्द उपरांत किया जाएगा। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो संख्या WB 12AU6644 में शराब तस्कर भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर मुंगेर की ओर जा रहे हैं। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नयारामनगर थाना के तेजतर्रार थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा ने अपनी पुलिस टीम के साथ तेलिया तालाब के समीप वाहन चेकिंग लगाया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो में सवार शराब तस्कर गाड़ी लेकर भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस की नाकेबंदी के सामने शराब तस्कर की एक भी नहीं चली। पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की डिक्की खुलवाई, तो पुलिस भारी मात्रा में कार्टून के अंदर विदेशी शराब देखकर हैरान रह गई। स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में विदेशी शराब देखते ही पुलिस ने दोनों शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया और स्कॉर्पियो को जप्त कर थाना ले गई।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जप्त स्कॉर्पियो से विभिन्न ब्रांड के 250 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुआ है। स्कॉर्पियो पर सवार दोनों व्यक्ति में एक बिहार तथा एक झारखंड का रहने वाला हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि स्कार्पियो चालक पवन कुमार मङङ कुरैवा गांव का रहने वाला है। जबकि दूसरा व्यक्ति अजय कुमार झारखंड के जसीडीह का निवासी हैं। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि शराब की खेप को झारखंड से खगड़िया पहुंचने की योजना थी। इसके पहले ही गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से भरी स्कॉर्पियो को वाहन चेकिंग लगाकर जप्त कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं । पुलिस पूरे शराब तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही है। थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस मध निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किए गए दोनों शराब तस्कर को शनिवार को जेल भेज दिया हैं।

