देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर/मोहनपुर। दिव्य दिनकर में प्रकाशित खबर के बाद आखिरकार उत्पाद विभाग हरकत में आया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के लीला आश्रम पेट्रोल पंप के समीप आईबीपी ढाबा एवं उसके बगल में संचालित दुकान पर शनिवार को उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दिव्य दिनकर में आईबीपी ढाबा एवं समीप की दुकान से अवैध शराब बिक्री की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। खबर में क्षेत्र में खुलेआम हो रही शराब बिक्री की चर्चा को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा।
छापेमारी में भारी मात्रा में शराब जब्त
शनिवार को उत्पाद विभाग की टीम ने संबंधित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। अधिकारियों ने मौके से शराब जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
हम उत्पाद विभाग की त्वरित कार्रवाई की तहे दिल से सराहना करते हैं। यदि इसी तरह नियमित जांच और छापेमारी जारी रही तो क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम लोगों ने इसे प्रशासन की सकारात्मक पहल बताते हुए दिव्य दिनकर द्वारा उठाए गए जनमुद्दे की सराहना की है।
