आदिवासी एक्सप्रेस/श्रवण कुमार रवि
विश्रामपुर। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-16 में सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-5 से डाक बंगला जाने वाली सड़क जगह-जगह जर्जर हो चुकी है।सड़क की सतह उखड़ गई है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ जमा होने के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड नगर परिषद क्षेत्र में शामिल है और नगर परिषद की ओर से विकास एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं,लेकिन वार्ड-16 की सड़क की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़ा कर रही है।लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क का स्थल निरीक्षण कर जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से टैक्स एवं अन्य शुल्क की वसूली में सक्रियता दिखाई जाती है,लेकिन बुनियादी सुविधाओं के मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।इधर,वार्ड संख्या-16 की पार्षद सोना देवी ने दूरभाष पर बताया कि सड़क की समस्या को लेकर नगर परिषद की बैठक में कई बार आवाज उठाई गई है।उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर छोड़ दिया गया था।बारिश होने के बाद सड़क की स्थिति पहले से भी खराब हो गई।पार्षद ने बताया कि इस समस्या को दोबारा नगर परिषद की बैठक में रखा गया है और सड़क के स्थायी समाधान की मांग की गई है।अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन वार्ड-16 की जर्जर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है और स्थानीय लोगों को राहत कब मिलती है।
टैक्स वसूली में आगे, सड़क सुधार में पीछे! वार्ड-16 का हाल बेहाल
