Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह: बदहाल सड़क व्यवस्था के कारण खटिया पर लादकर मरीज को मुख्य सड़क तक पहुंचाया, वीडियो हुआ वायरल

गिरिडीह: बदहाल सड़क व्यवस्था के कारण खटिया पर लादकर मरीज को मुख्य सड़क तक पहुंचाया, वीडियो हुआ वायरल

-सरकार के विकास के दावों पर उठे सवाल, लोही टोला के ग्रामीणों ने कहा सड़क नही होने के कारण होती है परेशानी
गिरिडीह।
जहां एक झारखंड सरकार के द्वारा विकास के बड़े बड़े दावे किए जा रहे है। वहीं आज भी कई ऐसे इलाके है जहां सड़क नहीं होने के कारण बीमार पड़ने पर लोगों को खटिया पर या कांधे पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। ताजा मामला देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी पंचायत अंतर्गत बरमसिया गांव के लोही टोला से सामने आया है, जिसने गांव की बदहाल सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक बीमार व्यक्ति को ग्रामीण खटिया पर लादकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में बरमसिया गांव निवासी मुंशी किस्कू को ग्रामीण खटिया के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मुंशी किस्कू बीमारी से ग्रसित हैं और उन्हें इलाज के लिए बुधवार को सदर अस्पताल, गिरिडीह में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक पक्की सड़क नहीं होने और रास्ते की स्थिति बेहद खराब होने के कारण एंबुलेंस अथवा अन्य वाहन को गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को भी पैदल अथवा खटिया के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में समस्या ओर भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और गड्डों के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार किसी मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। वायरल वीडियो इसी बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने रखता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। उनका कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बरमसिया गांव तक सड़क निर्माण की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *