रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 26 सितंबर 2026, शनिवार को रांची जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक केजी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
भारी बारिश के अलर्ट के बाद लिया गया फैसला
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से रांची जिले में भारी बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। रांची में भी शुक्रवार को तेज बारिश और हवाओं का असर देखने को मिला।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। शुक्रवार को रांची के एजी मोड़ इलाके में एक पेड़ स्कूल बस पर गिर गया। हालांकि, बस में सवार सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
KG से 12वीं तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद
जिला प्रशासन के आदेश के दायरे में सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालय शामिल हैं। इन स्कूलों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं 26 सितंबर को संचालित नहीं होंगी।
हालांकि, सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को स्कूल बंद रहने के बावजूद ई-विद्यावाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का भी निष्पादन करना होगा।
जरूरी परीक्षा होने पर स्कूल प्रबंधन ले सकेगा फैसला
यदि किसी स्कूल में 26 सितंबर को कोई अनिवार्य परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो उसके संचालन को लेकर संबंधित विद्यालय के प्रधान को अपने स्तर पर निर्णय लेने की अनुमति दी गई है।
प्रशासन ने स्कूलों को जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, जलभराव और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी स्थिति बन सकती है।
ऐसे में जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रांची के सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।
