पश्चिम चंपारण। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात सड़क किनारे आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। बताया गया कि कार्यक्रम देवेंद्र दुबे के बेटे की छठी के मौके पर आयोजित किया गया था। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही यात्री बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बेकाबू बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम की मौत हो गई। वहीं, विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस के जरिए बेतिया स्थित जीएमसीएच भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित भीड़ ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे। भीड़ ने बस में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया और इसके बाद वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
लोगों ने ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में लगी कुर्सियों और स्पीकर में भी तोड़फोड़ की। इससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव और अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया और बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित वहां से निकलवाया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ट्रक से टक्कर बचाने के दौरान बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका, वाहनों की गति और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज की व्यवस्था करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
