हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। वहीं, एक अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

मुख्य बिंदु
- सुबह करीब 3:50 बजे गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़।
- पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के तीन अपराधी बड़ी वारदात की तैयारी में इलाके में घूम रहे थे।
- पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी।
- घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई।
- एक अपराधी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया।
- घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखे, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं। आशंका थी कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना पुलिस ने उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के साथ अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया, जबकि तीसरा अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो हथियार, जिंदा गोलियां, खोखे, आपत्तिजनक पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
छापेमारी दल का नेतृत्व बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने किया। टीम में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सहित पुलिस के सशस्त्र जवान शामिल थे।
