गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह चंद्रवंशी नगर के समीप तेज रफ्तार पिकअप वैन और पल्सर बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान हीरोडीह थाना क्षेत्र के चुंगलखार निवासी चौभा यादव के 24 वर्षीय पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन संख्या जेएच-10-डीके 6561 तथा काले रंग की पल्सर बाइक संख्या जेएच-11- एए 3534 के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पेट्रोलिंग पर निकली मुफस्सिल थाना पुलिस की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को तत्काल अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विकास यादव को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक, सरिया निवासी शशिकांत वर्मा, की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने पिकअप वैन और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सिहोडीह में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार को मारी ज़ोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में धनबाद रेफर
- October 3, 2026
0
4
Less than a minute
You can share this post!
administrator
