गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टुंडी रोड भोरंडीहा निवासी 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव करीब एक सप्ताह बाद उसरी नदी वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे घर से काम के लिए निकला था, लेकिन तब से लापता था। परिजनों के अनुसार, शुभम खाना खाकर मोटरसाइकिल से गादी श्रीरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने गया था। काम पूरा करने के बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में व्यापक खोजबीन की पर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे के लापता होने की सूचना दी थी।
आवेदन में बताया गया था कि शुभम होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या जेएच-10बीटी-6800 लेकर निकला था। वह ब्राउन रंग की टी-शर्ट, जींस और जूते पहने था। उसकी लंबाई करीब पांच फीट दो इंच बताई गई है।
लापता होने के 5वें दिन युवक की मोटरसाइकिल ताराटांड़ थाना क्षेत्र से बरामद हुई थी, जिसके बाद आज 7वें दिन शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
