-आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के बोलेरो के साथ बिहार के कुख्यात अपराधी रामभज्जू यादव को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बिहार के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रह चुका है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। उसके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि बिहार के गोपालपुर की ओर से सैयपुर और मायापुर होते हुए चोरी के बोलेरो से एक अपराधी जजलो बाजार की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी पुअनि संदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मिरपुर कब्रिस्तान के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बोलेरो संख्या BR 01 PH 5435 को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार रामभज्जू यादव को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामभज्जू यादव, पिता स्व. पेमण यादव उर्फ प्रेमण यादव, निवासी रेबदा, थाना बाराचट्टी (धनगाई), जिला गया, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का बोलेरो वाहन के अलावा वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन और नोकिया कंपनी का एक कीपैड मोबाइल बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की पूछताछ और जांच जारी है। पुलिस उसके साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार रामभज्जू यादव के खिलाफ हंटरगंज, चौपारण, शेरघाटी, बाराचट्टी, आमस, तिलैया, पाकुड़ मुफस्सिल और आरा नवादा समेत विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
इस मामले में हंटरगंज थाना कांड संख्या 164/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की है। छापेमारी दल में हंटरगंज थाना प्रभारी पुअनि संदीप कुमार, पुअनि राजदेव पाण्डेय तथा हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
चोरी के बोलेरो से बड़ी वारदात की तैयारी, हंटरगंज पुलिस ने 50 हजार के इनामी अपराधी को दबोचा
