Skip to main content

Birsa Times

गुल्लीभट्टा चोरीकांड का खुलासा, चोरी के जेवरात समेत नाबालिग निरुद्ध

गुल्लीभट्टा चोरीकांड का खुलासा, चोरी के जेवरात समेत नाबालिग निरुद्ध

-मुख्य आरोपी पहले से आर्म्स एक्ट के मामले में जेल में बंद
साहिबगंज। नगर थाना क्षेत्र के गुल्लीभट्टा में ज्योति कुमारी के घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। जांच के दौरान घटना में घर के सामने रहने वाले व्यक्ति के दामाद विशाल पासवान और एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है। मुख्य आरोपी विशाल पासवान फिलहाल पश्चिम बंगाल के रायगंज में आर्म्स एक्ट के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है, जबकि पुलिस ने दूसरे आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर किशोर न्यायिक बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 14-15 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि नगर थाना क्षेत्र के गुल्लीभट्टा निवासी ज्योति कुमारी के आवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में चोरी की थी। घटना के संबंध में ज्योति कुमारी, उम्र 32 वर्ष, पति शशिकांत, निवासी गुल्लीभट्टा, के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 150/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से मिली अहम कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की घटना में वादिनी के घर के सामने रहने वाले मंटू पासवान के दामाद विशाल पासवान और एक अन्य नाबालिग की संलिप्तता है।

इसके बाद पुलिस टीम ने विशाल पासवान का सत्यापन किया और उसके ग्राम कंचनपॉली, थाना रायगंज, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) स्थित आवास पर छापेमारी की। जांच में पता चला कि विशाल पासवान, पिता राजकुमार पासवान, पहले से ही रायगंज थाना कांड संख्या 943/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 25(1)(a)/27 आर्म्स एक्ट के मामले में रायगंज करेक्शनल होम में न्यायिक हिरासत में है।

घर में गाड़कर रखे थे चोरी के सामान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल पासवान के घर में गाड़कर रखे गए चोरी के सामानों को बरामद कर लिया गया। बरामद सामानों में बड़ी संख्या में सोने और चांदी के आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने घटना में संलिप्त एक अन्य नाबालिग का सत्यापन कर उसे निरुद्ध कर लिया है। नाबालिग को किशोर न्यायिक बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया चल रही है।

सामान बरामद
पुलिस ने चोरी के मामले में एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का गले का हार, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक सोने का सिक्का, एक सोने का टॉप्स, पांच जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की छोटी कटोरी, एक चांदी का सिक्का, एक चांदी की सिंदूरदानी, अंगूठी के दो सफेद रंग के स्टोन, एक हरे रंग का स्टोन, सोने जैसा एक नाक का बेसर तथा एक नीले रंग का पिट्ठू बैग बरामद किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का उद्भेदन होने के साथ पीड़ित परिवार से चोरी गए कीमती सामानों की बरामदगी भी हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
छापामारी दल में नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक गुलाम सरवर, पुलिस अवर निरीक्षक मो. आफताब अंसारी तथा नगर थाना के चौकीदार शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *