साहिबगंज। तालझारी थाना क्षेत्र के महराजपुर–तालझारी मुख्य पथ पर कालाझोर के समीप मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार 16 वर्षीय नाबालिग दुलर सोरेन, पिता स्वर्गीय बोलाई सोरेन, ग्राम पलासबन्ना, पंचायत करणपुरातो, गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक मोहन हांसदा (21) के बाएं पैर में भी चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, मोहन हांसदा दुलर सोरेन को अपने साथ बोरियो थाना क्षेत्र के खिजुरिया गांव (बांझी) स्थित अपने घर ले जा रहा था। इसी दौरान कालाझोर के पास तेज गति के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में दुलर के माथे और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि मोहन के बाएं पैर में चोट लगी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय एक टेम्पो चालक की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालझारी पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना सड़क सुरक्षा योद्धा प्रजापति प्रकाश बाबा को भी दी गई। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार में सहयोग करते हुए घटना की जानकारी ली।
बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह
प्राथमिक उपचार के बाद दुलर सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल की एएनएम एवं ड्रेसर रामचंद्र ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। परिजनों को भी जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
तेज रफ्तार से बचने की अपील
सड़क सुरक्षा योद्धा प्रजापति प्रकाश बाबा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना चाहिए तथा दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए। उन्होंने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

