-सत्संग, चाँदनी चौक, बैद्यनाथ लेन की 47 दुकानों की जांच, पेड़ा-सब्जी-दाल जब्त
-देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सत्संग, शिक्षा सभा चौक, चाँदनी चौक, बैद्यनाथ लेन और सिंह द्वार क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 47 पेड़ा दुकानों, मिठाई दुकानों और भोजनालयों की जांच की गई।
जांच में मानक अनुरूप नहीं पाए जाने पर कुल 30.5 किलो पेड़ा मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा ऑन-स्पॉट जांच में अखाद्य रंग पाए जाने पर 4 भोजनालयों से 9 किलो दाल, 18 किलो सब्जी और 10 किलो चना-घुघनी नष्ट कराई गई। विभाग ने 1 किलो हल्दी और 4 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाद्य तेल भी नष्ट कराया। इस तरह कुल 72.5 किलो असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सुभाष पेड़ा भंडार, शुभम पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा स्वीट्स, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, द फूड क्वेस्ट रेस्टोरेंट, शिव पेड़ा भंडार, बाबा बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, दीपक साह भोजनालय, शिवम पेड़ा भंडार, न्यू महावीर पेड़ा भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रथम दृष्टया मानक अनुरूप पाए गए पेड़ा के 2 वैधानिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने कहा कि मिलावट, अखाद्य रंगों के प्रयोग और मानकों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
