-जसीडीह में फर्जी अधिकारी बनकर कारोबारियों को बनाते थे निशाना, स्कॉर्पियो-लाल बत्ती बरामद
-देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर। देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र में GST अधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट की स्कॉर्पियो, नकदी, मोबाइल, लैपटॉप, लाल-नीली बत्ती और पुलिस डंडा बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के अनुसार 8 अगस्त 2026 को वादी विक्रम चौधरी ने जसीडीह थाना में कांड संख्या 269/2026 दर्ज कराया था। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार अज्ञात अपराधियों ने मुख्य सड़क पर मोटरसाइकिल रोककर खुद को GST पदाधिकारी बताया। इसके बाद वादी और उसके कर्मचारी को रुपये से भरे बैग के साथ कब्जे में लेकर 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप लूट लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी टीम बनाई गई। जांच में पुलिस ने कुमोद पोदार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया।
बरामदगी से खुला राज
गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो JH01BP-4780, एक लाल-नीली बत्ती वाला पुलिस लाइट बोर्ड और पुलिस डंडा बरामद हुआ। कुमोद पोदार की निशानदेही पर 500 रुपये के 840 नोट यानी 4 लाख 20 हजार और 200 रुपये के 50 नोट यानी 10 हजार रुपये बरामद हुए। साथ ही Dell कंपनी का लैपटॉप भी मिला। शिव शंकर कुमार की निशानदेही पर एक मोबाइल बरामद हुआ जिसमें घटनास्थल और रास्ते का मैप था।
आपराधिक इतिहास भी खंगाला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुमोद पोदार के खिलाफ सिमुलतला थाना कांड संख्या 104/2025 और धनवार थाना कांड संख्या 97/2026 पहले से दर्ज हैं। एक अन्य आरोपी के खिलाफ हलसी टाउन थाना में 2023 में मद्य निषेध का मामला और देवघर नगर थाना में 2025 में विद्युत अधिनियम का मामला दर्ज है।
अभी भी बाकी है 36 लाख से ज्यादा
लूटे गए 40.50 लाख में से अब तक सिर्फ 4.30 लाख रुपये ही बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता कर रही है कि शेष रकम कहां है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। क्या आरोपियों ने GST अधिकारी बनकर पहले भी किसी को निशाना बनाया था, इसकी भी जांच चल रही है। श्रावणी मेला के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन छानबीन जारी है।
