गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा में 14 अगस्त की सुबह मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए होटल मालिक व एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने दी जानकारी। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने त्वरित जांच कर महेश रजक (क़रीब 38) और सीमा ठाकुर (क़रीब 58) को गिरफ्तार किया, जो क्रमशः रिंकू होटल के मालिक व स्टाफ सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, 13-14 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे शराब के नशे में मृतक मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव होटल पहुंचे और बीयर माँगी। भुगतान न करने पर होटल में विवाद हुआ और बाद में दोनों पक्षों के बीच उग्र झड़प भी हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिथिलेश का पीछा कर सर्विस रोड स्थित कपसा मंदिर के पास पहुंचे, जहाँ नशे की हालत में वह गिर पड़े। जिसके बाद महेश और सीमा ने टांगी व सब्बल से हमला कर उनकी हत्या कर दी तथा घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त किया गया। एसआईटी ने घटना स्थल का निरीक्षण, तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर एप्रोप्रिएट सबूत जुटाए। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी और सब्बल, एक बिना नंबर मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 के तहत मामला दर्ज कर हत्या की विस्तृत जांच जारी है।
एसआईटी एवं छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
एसआईटी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम, बगोदर- सरिया अंचल के पु नि अजय कुमार, जांच शाखा के पु नि ज्ञान रंजन कुमार, बगोदर थाना प्रभारी पु अ नि राजेश कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
