Skip to main content

Birsa Times

धारदार हथियार से 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम

धारदार हथियार से 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम

-चायां गांव के समीप मिला ननकी देवी का शव, चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
-संवाददाता/राँची जिला व्यूरो/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची।
बुढ़मू थाना क्षेत्र के चायां गांव में बुधवार को 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला ननकी देवी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का शव गांव के समीप मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल बुढ़मू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के आधार पर पुलिस को घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पूछताछ और जांच के बावजूद अब तक हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व ननकी देवी के पति गणेश नायक की भी हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा ननकी देवी के घर में अक्सर मामूली विवाद होने की बात ग्रामीणों ने बताई है। गांव के गोतिया परिवारों के बीच भी पूर्व से आपसी विवाद की बातें सामने आती रही हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस घटना के संभावित कारणों और आपसी विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

कई बिंदुओं पर पुलिस की जांच जारी
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की हत्या कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा वारदात में कितने लोग शामिल थे। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *