-आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
-जाल सहित एक व्यक्ति को पकड़ा, भीड़ ने छुड़ाया; उधवा कार्यालय पहुँचते ही दोबारा पथराव, कई घायल
साहिबगंज। रामसर साइट उधवा झील पक्षी अभयारण्य के संरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से जाल लगाकर अवैध शिकार को रोकने पहुँचे वनकर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों ने जाल सहित एक व्यक्ति को पकड़ा, लेकिन बाद में ग्रामीणों की भीड़ के बीच कुछ लोगों द्वारा उसे छुड़ाकर ले जाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वन विभाग को उधवा झील पक्षी अभयारण्य की झील में अवैध रूप से अवैध शिकार की सूचना मिली थी। सूचना पर वनकर्मी अखिलेश मरांडी एवं अन्य वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुँचे। वनकर्मियों ने संरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने से रोकने का प्रयास किया, जिस पर संबंधित लोगों द्वारा कथित रूप से हाथापाई एवं गाली-गलौज की गई।
वनकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए जाल सहित एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा ग्रामीणों को उकसाकर भीड़ जुटाने और वनकर्मियों पर हमला करने का आरोप है। हमलावरों ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति को भी छुड़ा लिया। घटना की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारी को दी गई।
इसके बाद वनकर्मी उधवा कार्यालय पहुँचे ही थे कि कथित रूप से वही लोग ग्रामीणों के साथ वहाँ पहुँच गए और ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में वनकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुँचाए जाने की बात सामने आई है।
घटना के संबंध में वन विभाग द्वारा पुलिस एवं वरीय पदाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। मामले में संरक्षित क्षेत्र में अवैध प्रवेश, अवैध शिकार, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के आरोपों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
