Skip to main content

Birsa Times

कोडरमा में तीन नाबालिगों से मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो के बाद 150 अज्ञात पर FIR दर्ज

कोडरमा में तीन नाबालिगों से मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो के बाद 150 अज्ञात पर FIR दर्ज

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा सदर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने करीब 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में POCSO एक्ट, आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।

नाबालिगों को खंभे से बांधने का आरोप

जानकारी के अनुसार, सोमवार को ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। आरोप है कि भीड़ ने तीनों नाबालिगों को रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया और उनके साथ मारपीट की।

इसी दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो गया। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।

दो नाबालिग लड़कों के खिलाफ भी FIR

मामले में नाबालिग लड़की की मां के बयान पर दोनों लड़कों के खिलाफ भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें कथित तौर पर जबरन घर में घुसने और दुष्कर्म के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

तीन नाबालिगों के साथ मारपीट और वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले में कोडरमा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने कहा- नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक करना गंभीर मामला

कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तीनों बच्चे नाबालिग हैं। ऐसे में उनकी पहचान सार्वजनिक करना या उनका वीडियो प्रसारित करना कानूनन गंभीर मामला है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मामले में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *