संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। हेरहंज प्रखंड क्षेत्र के चिरू गांव निवासी मंजू देवी की बीमारी से हुई मृत्यु के बाद उनके परिवार को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली।भारतीय स्टेट बैंक भैंसादोन शाखा के शाखा प्रबंधक विवेक उत्तम होरो ने शाखा परिसर में आयोजित सादे समारोह में नामांकित लाभार्थी उनकी पुत्री सविता कुमारी को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। मृतक मंजू देवी ने भारतीय स्टेट बैंक की भैंसादोन शाखा के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ लिया था। उन्होंने मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर बीमा कराया था। उनकी मृत्यु के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर नामांकित लाभार्थी को बीमा की राशि प्रदान की गई।इस अवसर पर शाखा प्रबंधक विवेक उत्तम होरो ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना कम प्रीमियम में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने सभी खाताधारकों से इस योजना से जुड़ने की अपील की,ताकि किसी आकस्मिक परिस्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।बीमा राशि का चेक प्राप्त करते हुए मृतक के परिजनों ने बैंक के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में मिली यह राशि परिवार के लिए काफी मददगार साबित होगी और उन्हें आर्थिक रूप से बड़ा सहारा मिला है। मौके पर प्रमोद कुजुर,गोरखनाथ मुंडा,नंदकुमार यादव,सुजीत कुमार,सोनी कुमारी, आशुतोष कुमार मिश्रा,समेत बैंक के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
मृतक मंजू देवी के परिजन को मिला दो लाख रुपये का बीमा लाभ
