Skip to main content

Birsa Times

धनबाद स्टेशन पर चलाया गया मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान, 48 यात्री पकड़े गये

धनबाद स्टेशन पर चलाया गया मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान, 48 यात्री पकड़े गये

धनबाद। धनबाद मंडल में बिना उचित टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त को धनबाद स्टेशन पर सुनियोजित तरीके से मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक चला।

मुख्य बिंदु :

  • धनबाद स्टेशन पर चला विशेष टिकट जांच अभियान
  • 48 यात्री जांच के दौरान पकड़े गये
  • बिना टिकट और बिना उचित प्राधिकार यात्रा करने वाले यात्री शामिल
  • बिना बुक कराये सामान लेकर यात्रा करने वालों पर भी कार्रवाई
  • यात्रियों से 23,570 रुपये जुर्माना वसूला गया
  • धनबाद मंडल ने उचित टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की

अभियान के दौरान धनबाद की महिला दस्ता और धनबाद स्लीपर के एलआर चेकिंग स्टाफ की टीम ने यात्रियों के टिकट और सामान की जांच की। जांच में बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक कराये सामान के साथ सफर करने वाले कुल 48 यात्रियों को पकड़ा गया।

इन यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत कुल 23,570 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गये। साथ ही पकड़े गये यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गयी।

अनारक्षित टिकट काउंटर पर रही भीड़

टिकट जांच अभियान के दौरान धनबाद स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गयी। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गयी कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेन में यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट अपने पास रखें।

धनबाद मंडल की ओर से बताया गया कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गयी है कि वे उचित टिकट के साथ ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट उनके पास है, उसी श्रेणी में यात्रा करें।

यह जानकारी धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गयी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *