-रात 12 बजे के बाद दुकान बन जाती है कथित शराब का अड्डा
देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर/ मोहनपुर। मोहनपुर थाना क्षेत्र के लीला आश्रम पेट्रोल पंप के पास स्थित आईबीपी ढाबा और उससे सटी एक दुकान को लेकर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार यहां दिन-रात शराब की खरीद-बिक्री होने का आरोप है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में ढाबा सामान्य रूप से चलता है और रात करीब 12 बजे तक गतिविधियां जारी रहती हैं। ढाबा बंद होने के बाद बगल की छोटी दुकान में रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक कथित रूप से शराब बेची जाती है। दिन में वही दुकान सिगरेट, गुटखा और कोल्ड ड्रिंक बेचती है।
सूत्रों का दावा है कि ढाबे में ही शराब खरीदकर लोग भोजन के साथ सेवन भी करते हैं। देर रात तक भीड़ जमा होने, शोर-शराबा और नशे में आपसी विवाद की घटनाएं भी सामने आने की बात कही जा रही है। मुख्य सड़क होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि शराब निर्धारित मूल्य से अधिक में बेची जाती है। पवित्र श्रावण माह में भी इस तरह की गतिविधि जारी रहने से लोगों में नाराजगी है।
इस पूरे मामले में प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई न होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य सड़क किनारे लंबे समय से चल रही इस कथित गतिविधि पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोग विभाग की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।
आईबीपी ढाबा में अवैध शराब बिक्री की चर्चा, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
