-आवेदन रिवर्ट होने का कारण पूछने पर बढ़ा विवाद
-डीएम-एसपी से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
-धरहरा अंचल कार्यालय का विवादों से रहा है पुराना रिश्ता
-रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर: जिले के धरहरा अंचल कार्यालय का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। वह चाहे दाखिल खारिज का मामला हो या परिमार्जन का, यह कार्यालय हमेशा विवादों के कारण मीडिया की सुर्खियों में बना रहता है। एक बार फिर धरहरा अंचलाधिकारी भूमि संबंधी मामलों को लेकर विवादों में है। ताजा मामला भूमि परिमार्जन आवेदन की स्थिति की जानकारी लेने से जुड़ा है। जिसमें अंचलाधिकारी पर आवेदक के साथ कथित रूप से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले से संबंधित एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, हमारा अखबार वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। बता दें कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब एक दिन पहले ही कुछ दाखिल-खारिज वादों में सुनवाई की तिथि निर्धारित होने के बावजूद अंचलाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित नहीं होने और दाखिल-खारिज आवेदन स्वीकृत किए जाने को लेकर सवाल उठे थे। इस मामले में भी संबंधित आवेदक ने डीएम निखिल धनराज निप्पपनीकरण से मिलकर लिखित शिकायत की थी और जांच व सीओ और राजस्व कर्मचारी परकार्रवाई की मांग की थी।
परिमार्जन आवेदन रिवर्ट होने से शुरू हुआ विवाद
बताते चलें कि लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के कुमारपुर निवासी अमित राय ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित वरीय अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से भेजी शिकायत में कहा है कि अपनी ऑफलाइन भूमि की रसीद को ऑनलाइन कराने के लिए उन्होंने 20 जून 2026 को परिमार्जन का आवेदन किया था। 19 अगस्त को आवेदन की स्थिति की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि गलत रकबा दर्ज होने की बात कहते हुए आवेदन को रिवर्ट कर दिया गया है। आवेदन रिवर्ट किए जाने का कारण जानने के लिए अमित राय ने 20 अगस्त को अंचलाधिकारी से मोबाइल पर बातचीत की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बातचीत के दौरान बातचीत कथित रूप से विवाद में बदल गई। अमित राय का आरोप है कि पैसे देने पर आपत्ति जताने के बाद अंचलाधिकारी ने उनके साथ गाली-गलौज की। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बातचीत के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में दावा किया गया है कि अधिकारी ने कथित तौर पर कहा कि सामने रहते तो पटककर जान मार देते। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में दावा किया है कि अंचलाधिकारी के साथ हुई पूरी मोबाइल बातचीत उनके फोन में रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर उक्त रिकॉर्डिंग को जांच के लिए वरीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। अमित राय ने डीएम और एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। लगातार दो दिनों से अंचल कार्यालय से जुड़े मामलों को लेकर उठे सवालों के बाद अब लोग अंचलाधिकारी को तत्काल धरहरा अंचल कार्यालय से हटाने की मांग करने लगे है। इस बावत सीओ बीरेन्द्र कुमार ने आरोप को बेबुनियाद बताया ।
